प्रश्नों की असंगति और नंबरिंग की खामियां, ए सीरीज के प्रश्नपत्र में त्रुटियां
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की ओर से शुक्रवार को आयोजित दसवीं कक्षा की अंग्रेजी परीक्षा में प्रश्नपत्र की गड़बड़ियों ने छात्रों को भारी मुश्किल में डाल दिया। विद्यार्थियों को प्रश्नों की असंगति और नंबरिंग की गलतियों के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। ए सीरीज के प्रश्नपत्रों में छपी त्रुटियों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित दसवीं कक्षा के अंग्रेजी के प्रश्नपत्रों ने परीक्षार्थियों की चिंता बढ़ा दी। विशेष रूप से सीरीज ए के प्रश्नपत्र में कई गलतियां पाई गईं। पैराग्राफ कुछ और दिया गया था, जबकि उससे जुड़े प्रश्न कुछ और ही थे। इसके अलावा सेक्शन सी में भी कई त्रुटियां देखी गईं, जिससे छात्रों को प्रश्न समझने और हल करने में दिक्कतें पेश आईं। प्रश्नों की नंबरिंग में भी गड़बड़ी थी। प्रश्न संख्या 11 के बाद सीधे 15 और 16 का उल्लेख किया गया, जिससे विद्यार्थी भ्रमित हो गए।
स्कूल प्रबंधन ने उठाई आपत्ति
हिमालय मॉडल स्कूल आनी के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने इस संबंध में हिमाचल प्रदेश शिक्षा बोर्ड को तत्काल ईमेल भेजकर परीक्षा में हुई गलतियों की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने बताया कि प्रश्नपत्र में हुई चूक से छात्रों के अंकों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। स्कूल प्रबंधन ने बोर्ड से मांग की है कि इस गलती को गंभीरता से लिया जाए और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इस परीक्षा में हुई गलतियों को लेकर अभिभावकों और छात्रों में भी नाराजगी देखी जा रही है। अब सभी की नजरें शिक्षा बोर्ड पर हैं कि वह इस मुद्दे को लेकर क्या कदम उठाता है।