बंजार-बठाहड़ सड़क पर हुई टायरिंग का निरिक्षण करते लोनिवि मंत्री विक्रमादित्य सिंह।-संवाद
बंजार (कुल्लू)। निजी दौरे पर तीर्थन घाटी पहुंचे लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बंजार-बठाहड़ सड़क में हुए कार्य की गुणवत्ता जांची। इस मार्ग पर इन दिनों टारिंग का कार्य चला हुआ है जिसके चलते उन्होंने इस कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी जारी किए। उन्होंने अधिकारियों को सड़क पर चल रहे कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा है कि बरसात के मौसम को देखते हुए सड़क के किनारे पानी की निकासी नालियां उचित बनाएं ताकि सड़कों को नुकसान न हो। इसके अलावा जिन स्थानों पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य अभी बाकी है, वहां कार्य में तेजी लाई जाए।
स्थानीय लोगों ने इस दौरान गुशैणी कैंची समस्या भी उनके समक्ष उठाई। उन्होंने संबंधित विभाग को इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए के आदेश दिए। उन्होंने बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बंजार-बठाहड़ चौक को आधुनिक ढंग से विकसित करने की मांग रखी। इस पर उन्होंने विभाग को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।