कुल्लू। कर्मचारियों को वेतन विसंगति से आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। मांग उठाने के बाद भी कर्मचारियों के हित में कोई पहल नहीं की जा रही है। इस कारण कर्मचारियों में रोष है।
कुल्लू में उच्च वेतनमान वंचित कर्मचारी महासंघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने सीपीएस सुंदर ठाकुर को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की वेतन विसंगति संबंधी समस्या का हल करने की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल ने सीपीएस को बताया कि प्रदेश में 30 सितंबर 2021 तक अनुबंध के दो साल पूरे करने वाले कर्मचारियों को उच्च वेतनमान मिल रहा है, लेकिन जो कर्मचारी तीन जनवरी 2022 के बाद नियमित हुए हैं, उन्हें इसका फायदा नहीं मिल रहा है।
इस वजह से उन्हें हर माह 8000 से 15000 रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ रहा है।कर्मचारी रविंद्र, विरेंद्र, रिपन, हेमराज, संतोष आदि ने कहा कि कर्मचारियों को उच्च वेतनमान से वंचित रखना तर्कसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि सीपीएस से जायज मांगों को सरकार के समक्ष प्रभावी रूप से रखने की मांग की है। संवाद