संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली/पतलीकूहल (कुल्लू)। प्रदेश सरकार लोगों को घरद्वार के समीप बेहतर उपचार सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा मंत्री गोविंद ठाकुर ने मंगलवार को मनाली विस क्षेत्र की दवाड़ा ग्राम पंचायत के मेहा गांव में 38 लाख की लागत से निर्मित स्वास्थ्य उपकेंद्र भवन के लोकार्पण के दौरान यह बात कही।
गोविंद ठाकुर ने कहा कि मनाली विस के मझली धार, डोहलूनाला तथा मेहा में उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों का निर्माण किया गया। सजला तथा भेखली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोले गए और भवन भी जनता को बना कर दिए। कहा कि नागरिक अस्पताल मनाली के साथ लगती सात बीघा भूमि स्वास्थ्य विभाग के नाम हो चुकी है और आने वाले समय में एक बहुत बड़ा स्वास्थ्य परिसर का निर्माण किया जाएगा। जिले में लगभग 60 करोड़ के स्वास्थ्य भवनों का निर्माण कार्य चल रहा है। मंत्री ने हाल ही में अपग्रेड की राजकीय उच्च पाठशाला मेहा में दसवीं तक की कक्षाओं का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि छात्रों को अब दसवीं तक पढ़ाई के लिए चार से पांच किलोमीटर दूर नहीं जाना पड़ेगा। गोविंद सिंह ठाकुर ने दवाड़ा से मेहा सड़क की मरम्मत के लिए 50 लाख की घोषणा की। डमचीन तक सड़क निर्माण के लिए दो करोड़ की राशि मंजूर की गई है और जल्द ही इसका कार्य शुरू होगा। दो गांव के सामुदायिक भवनों के लिए चार-चार लाख रुपये की राशि की घोषणा की। इस मौके पर धनेश्वरी ठाकुर, दुर्गा सिंह ठाकुर, पंचायत के उप प्रधान निहालचंद, प्रधानाचार्य अंबुज कौशल, रजनी ठाकुर, हेमा ठाकुर, निदेशक उच्च शिक्षा शांति लाल शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र, बीएमओ डॉ. रणजीत, आभा देवी, रिमन ठाकुर, मोहर सिंह, राम किशन ठाकुर तथा किशोरी चंद मौजूद रहे।