कुल्लू में हुई कारदार संघ की बैठक में नहीं उठा वेतन का मद्दा
- फोटो : अमर उजाला
देवसदन कुल्लू जिला कुल्लू देवी-देवता कारदार संघ की बैठक में देवी-देवताओं से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा के अलावा प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष दोत राम ठाकुर ने की। बैठक में जिला देवी-देवता कारदार संघ ने कारदार संघ में पास हुई नीति और प्रस्ताव के खिलाफ बयानबाजी करने वाले सदस्यों का विरोध किया और ऐसे कारदार सदस्यों के खिलाफ अनुशासनहीनता करने का प्रस्ताव पारित किया गया। कारदार संघ के जिला महासचिव टीसी महंत ने बताया कि बैठक में कारदार संघ ने कारदार व अन्य कारकूनों को पैसों का प्रलोभन देकर अपने स्वार्थ को सिद्ध करने में लगे गैर सरकारी व राजनीतिक संस्थाओं का विरोध जताया।
वहीं कारदारों ने कभी भी अपने स्वार्थ के लिए भत्ता और वेतन की मांग नहीं रखी है। बैठक के दौरान संघ द्वारा प्रस्ताव पास किया गया कि आए दिन कुछ स्वार्थी लोगों द्वारा देव संस्कृति व संवर्धन के नाम से सरकार व प्रशासन को गुमराह करने का कार्य किया जा रहा है। उनका देव संस्कृति व परंपराओं से कोई नाता नहीं है। ऐसे संगठन से सरकार व प्रशासन को कोई ठोस नीति बनाने से पहले कारदार संघ को विश्वास में लिया जाए।
बैठक के दौरान देवी-देवता कारदार संघ ने सरकार द्वारा रिवालविंग फंड से पैसे दिए जाने पर आभार जताया है। वहीं गैर मुआफीदार देवताओं को भी रिवालविंग फंड से पैसा जारी करने बारे नीति बनाने और राशि जारी करने की मांग की है। जड़ी-बूटियों को रोपने का भी फैसला लिया गया है। इस मौके पर संघ के उपप्रधान पुरुषोत्तम शर्मा, महासचिव टीसी महंत, सचिव एवं आनी खंड प्रधान भागे राम राणा, सलाहकार झाबे राम ठाकुर, सदस्य दानवेंद्र, बंजार खंड प्रधान सत्यदेव नेगी, गड़सा प्रधान डोला राम शर्मा, सैंज प्रधान भीमी राम, कुल्लू खंड प्रधान राजकुमार महंत, कटराईं प्रधान बिमल उपाध्याय, युवराज, संगत राम, प्रकाश ठाकुर, खेम सिंह, इंद्र सिंह, रामानंद शर्मा, लीला चंद और बिहारी लाल सहित अन्य कई कारदारों ने भाग लिया।