केलांग (लाहौल-स्पीति)। घाटी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक लोक कलाओं को मंच प्रदान किया जाएगा। इसी उद्देश्य से हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स की ओर से मयाड़ म्यूजिकल फेस्टिवल-2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह सांस्कृतिक उत्सव 12 सितंबर को मयाड़ घाटी के तमलू में होगा।
फेस्टिवल में लाहौल की प्राचीन लोक परंपराओं, पारंपरिक वेशभूषा, लोक नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से हिमालयी संस्कृति की विविधता और समृद्ध लोक विरासत को लोगों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। मयाड़ म्यूजिकल फेस्टिवल में शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी। आयोजन मंडल के अध्यक्ष आकाश लोंचेनपा ने कहा कि आयोजन स्थानीय कला, संस्कृति और लोक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संवाद