भुंतर (कुल्लू)। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भुंतर में आयोजित तीन दिवसीय अंडर-14 छात्र वर्ग की खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हुआ। इसमें बीडीसी भुंतर ब्लॉक के चेयरमैन राम प्रसाद ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के वॉलीबाल मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला न्यूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि राजकीय उच्च पाठशाला ज्येष्ठा की टीम उपविजेता रही। कबड्डी के फाइनल मुकाबले में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जरी ने शाट स्कूल की टीम को हराकर खिताब जीता। खो-खो में राजकीय उच्च पाठशाला सचाणी विजेता रहा जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थरास ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।
बैडमिंटन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छयौंर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मोहल की टीम उपविजेता रही। योग स्पर्धा में राजकीय उच्च पाठशाला ज्येष्ठा के विद्यार्थियों ने बाजी मारी, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डीके चौंग की टीम उपविजेता रही। मार्चपास्ट में भी खिलाड़ियों ने अनुशासन और तालमेल का शानदार प्रदर्शन किया। इसमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छयौंर ने ट्रॉफी अपने नाम की। मुख्यातिथि ने विजेता, उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। संवाद