गुलाबा, रोहतांग तक होगा मैराथन का आयोजन
500 ने करवाया पंजीकरण, 35 विदेशी नागरिक भी शामिल
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देने के लिए मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। 100, 42, 25, 10 और एक किलोमीटर की मैराथन में पूरा मनाली दौड़ेगा। रविवार सुबह 7:00 बजे मनाली में मालरोड से मैराथन का आगाज होगा। इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
बीते वर्ष आपदा के बाद पर्यटन कारोबार को बढ़ावा देने के लिए पहली बार मनाली मैराथन का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में विदेशी पर्यटकों ने भी भाग लिया था। इस साल हिमालयन एस्ट्रीम स्पोर्ट्स एसोसिएशन मैराथन का आयोजन कर रही है। प्रतियोगिता में सौ किलोमीटर की दौड़ रोहतांग दर्रा तक होगी।
42 किलोमीटर की गुलाबा और 25 किलोमीटर की दौड़ कुलंग तक होगी। इसके अलवा गौशाल, ओल्ड मनाली और सर्किट हाउस तक अलग-अलग वर्ग की मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। अब तक लगभग 500 धावकों ने पंजीकरण करवाया है, जिसमें करीब 35 विदेशी पर्यटक भी है। मनाली विधानसभा क्षेत्र के विधायक भुवनेश्वर गौड़ प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे।
आयोजक पिंटू ने बताया कि मैराथन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी को सुबह 6:00 बजे मालरोड पहुंचना होगा। प्रतियोगिता करीब सात बजे शुरू होगी। अब तक 500 से अधिक ने अपना पंजीकरण करवाया है। इस संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। संवाद