साथ लगते मकानों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली। जगतसुख में महिला की हत्या का मामला सुलझाने के लिए पुलिस दिन-रात कार्य कर रही है। बुधवार को पुलिस ने गांव में रह रहे नेपाली मूल के लोगों और कुछ स्थानीय लोगों से इस सिलसिले में पूछताछ की है।
लगभग दस लोगों से पूछताछ करने के साथ पुलिस ने मौका ए वारदात की ओर जाने वाली सड़क के साथ बने कुछ मकानों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली हैं। हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग पाया है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले जगतसुख में एक महिला कि हत्या का मामला सामने आया है। महिला के हाथ-पांव बांधकर रखे गए थे जबकि गले में रस्सी के निशान मिले। बुधवार को नेरचौक मेडिकल कॉलेज में मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम हुआ। चिकित्सकों की विशेष टीम ने पोस्टमार्टम किया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। हालांकि अभी भी महिला की पहचान नहीं हुई है। नेपाल का एक व्यक्ति पहचान के लिए मनाली पहुंच रहा है। महिला की शिनाख्त होने के बाद हत्यारों तक पहुंचना आसान हो जाएगा। हालांकि, पुलिस ने इलाके के मोबाइल डंप डाटा को जुटाने की भी प्रक्रिया शुरू कर दी है। एसपी मदन शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले कि जांच कर रही है।