संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। प्री मानूसन से जिला कुल्लू में पिछले एक सप्ताह से जमकर बारिश हो रही है। चोटियों पर बर्फबारी हो रही है। ऐसे में सामरिक मनाली-लेह मार्ग बर्फबारी के कारण करीब दस घंटे तक बंद रहा। सीमा सड़क संगठन ने बुधवार सुबह 10:00 बजे मार्ग से बर्फ हटाकर बहाल कर दिया है। इसके बाद ही पुलिस ने दारचा से सैलानियों के वाहनों और ट्रकों को जाने की अनुमति दी।
कुल्लू-लाहौल की पहाड़ियों में मंगलवार रात को हुई बर्फबारी के कारण मनाली-लेह मार्ग जिंगजिंगवार दर्रा में बंद हो गया था। इसके अलावा रोहतांग दर्रा, बारालाचा, कुंजम दर्रा समेत सीबी रेंज की पहाड़ियां भी बर्फबारी से सफेद हो गई थी। मनाली-लेेह मार्ग बंद होने से लाहौल प्रशासन ने एहतियातन लेह जाने वाले वाहनों को दारचा में ही रोक दिया। मार्ग बहाल होने पर वाहनों को छोड़ा गया। सीमा सड़क संगठन के कमांडर कर्नल शवरीश वाचली ने कहा कि मंगलवार को बर्फबारी के कारण जिंगजिंगवार दर्रा में मार्ग बंद हो गया था। बीआरओ ने मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया है।