संस्था ने दी 500 सोलर लाइटें, आपदा के बाद अंधेरे में है मलाणा गांव
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। अंधेरे में डूबे मलाणा गांव के लिए बंजार की एक संस्था ने 500 सोलर लाइटें दी हैं। ये सोलर लाइटें मलाणा गांव में लगाई जाएंगी। आपदा के बाद मलाणा गांव में बिजली नहीं है। अब सोलर लाइटों से मलाणा गांव जगमग करेगा।
अंधेरे में गुजर बसर कर रहे ग्रामीणों को सोलर लाइटें लगने से काफी राहत मिलेगी। ये लाइटें घरों के अंदर लगाई जानी हैं। मलाणा में 31 जुलाई की रात को बादल फटने से 13 किलोमीटर क्षेत्र में बिजली लाइन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है। मलाणा की सड़क भी क्षतिग्रस्त है। बिजली लाइन बिछाने और उसे बहाल करने में अभी समय लगेगा। बिजली बोर्ड ने नई लाइन बिछाने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। संस्था ने मलाणा के ग्रामीणों की परेशानी समझते हुए सोलर लाइटें देने का निर्णय लिया। मेक माई ट्रिप फाउंडेशन समय-समय पर जनहित के कार्य करती है।
मेक माई ट्रिप फाउंडेशन के सदस्य अमित भास्कर और सुनील शर्मा ने कहा कि संस्था की ओर से मलाणा के लिए 500 सोलर लाइटें दी गई हैं। उन्होंने कहा कि एसडीएम सदर विकास शुक्ला को इन लाइटों को सौंप दिया गया है। संस्था की ओर से भविष्य में भी हरसंभव सहायता की जाएगी।
एसडीएम सदर विकास शुक्ला ने कहा कि आपदा के बाद कई संस्थाओं ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। उन्होंने प्रशासन की ओर से सहयोग करने के लिए संस्था का आभार जताया। प्रशासन की ओर से राहत कार्यों को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है। संवाद