मनाली क्षेत्र सजला के भगवान विष्णु शाही स्नान के लिए मणिकर्ण देवलुओं के साथ रवाना होते हुए।-सं
हरिपुर (कुल्लू)। ऊझी घाटी में सजला के देवता विष्णु 15 सालों के बाद मणिकर्ण में शाही स्नान के लिए रवाना हो गए हैं। रविवार को सुबह देवता विष्णु की ढोल नगाड़ों की थाप पर पूजा हुई। इसके बाद देवता विष्णु वाद्ययंत्रों की स्वरलहरियों के बीच देवालय से बाहर आए।
कारकूनों और हारियानों ने देवता के समक्ष शीश नवाया। इसके बाद देवता के शाही स्नान के लिए देवलुओं के साथ रवाना हुए। इस दौरान सारा माहौल देवमयी हो उठा। देवता विष्णु के शाही स्नान को लेकर श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है। सजला के देवता विष्णु के कारदार पन्ना लाल ने कहा कि रविवार को देवता का रात्रि ठहराव बंदरोल में हुआ। देवता का जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। मणिकर्ण में शाही स्नान के बाद सजला के देवता विष्णु 25 नवंबर को वापस देवालय लौटेंगे। संवाद