बाहरी राज्यों के व्यापारियों में खुमानी और प्लम के बाद आड़ू की भी बढ़ी मांग
सब्जी मंडियों में फल सीजन ने पकड़ा जोर, 90 से 100 रुपये किलाे बिका आड़ू
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। सब्जी मंडियों में फल सीजन ने जोर पकड़ लिया हैै। खुमानी और प्लम के बाद अब आड़ू ने भी दस्तक दी है। आड़ू का फल सब्जी मंडियों में 90 से 100 रुपये किलो बिक रहा है। हल्के लाल रंग के आड़ू की बाहरी राज्यों के व्यापारियों में काफी मांग है। व्यापारी इसे हाथोंहाथ खरीद रहे हैं।
शनिवार को कुल्लू में मंडियां बंद रहीं। रविवार को जैसे ही मंडियां खुलीं तो कारोबार में तेजी देखने को मिली। प्लम, खुमानी, फूलगोभी सहित अन्य सब्जियां भी अच्छे दाम में बिकी। सब्जी मंडी भुंतर, बंदरोल और अन्य मंडियों में आने वाले दिनों में आड़ू की और अधिक खेप आएगी। किसान लोभ राज, अंकुश शर्मा, प्रेम चंद, नेत्र सिंह, भादरू राम, सोहन लाल, विशाल और रवि कुमार ने कहा कि प्लम, खुमानी के साथ ही बगीचों में अब आड़ू भी तैयार है। बागवान आड़ू का तुड़ान कर इसे बेचने के लिए मंडियों में ला रहे हैं। हालांकि, प्लम, खुमानी के मुकाबले कुल्लू में आड़ू कम है। हर साल इसके बागवानों को बेहतर दाम मिलते हैं। ऐसे में बागवानों का सेब के विकल्प पर तौर पर गुठलीदार फलों की तरफ रुझान बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में आड़ू तैयार होने में अभी समय है। बागवानों ने बगीचों में अच्छी क्वालिटी का आड़ू लगाया है।
उधर, सब्जी मंडी भुंतर की आढ़ती यूनियन के अध्यक्ष मानस कुमार सूद ने कहा कि रविवार को कारोबार में तेजी आई है। इससे बागवानों को फायदा मिला। आने वाले दिनों में प्लम, खुमानी व अन्य फलों के बेहतर दाम मिलने की उम्मीद है। संवाद