संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू और लाहौल-स्पीति का आम जनजीवन पटरी नहीं लौटा है। अभी भी करीब 142 सड़कों पर यातायात बंद है। इसमें एनएच-305 भी शामिल है, जो सवा एक माह से बंद है। लेकिन मौसम के बदलते तेवरों ने लोगों की मुश्किलों को फिर बढ़ा दिया है। इसके अलावा कई पेयजल योजनाएं जाम चल रही हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिनों में बर्फबारी व बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम खराब होने पर प्रदेश के साथ जिला कुल्लू में चल रही सरकारी ठेकेदारों की हड़ताल से यह समस्या और बढ़ सकती है। पिछले हफ्ते हुई भारी बर्फबारी से ग्रामीण इलाकों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। लोग बर्फ से लकदक सड़कों पर पैदल सफर करने के लिए मजबूर हैं। हालांकि कुछ सड़कें एक माह से बंद चल रही हैं। जानकारी के अनुसार लाहौल-स्पीति जिले में 115 सड़कें बर्फ की चादर से लिपटी पड़ी हैं। कुल्लू में 27 सड़कों पर अभी बसों के साथ अन्य वाहनों के पहिये जाम है। नरोत्तम सिंह, बालक राम, खुशी ठाकुर, सोहन लाल, मोहन लाल, प्रताप सिंह, निका राम तथा प्रेम लाल ने कहा कि मौसम को खुले हुए पांच दिन का समय हो गया है, मगर ग्रामीण इलाकों की दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। जिया से रामशिला के बीच बना फोरलेन स्थित तलोगी के पास रविवार रात को भूस्खलन हो गया, जिससे घंटों तक मार्ग अवरुद्ध रहा। फोरलेन पर पत्थर व मलबा गिरने से आम लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। उधर, उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि बर्फबारी से बंद सड़कों को खोलने का काम तेज कर दिया है। बर्फ हटाने के लिए निजी क्षेत्र के डोजर व जेसीबी को हायर किया गया है। मौसम ने साथ दिया तो दो से तीन दिनों में स्थिति पटरी पर आ जाएगी।