पंचायत प्रधान ने उपायुक्त से की मांग, बोले- कई बार काट चुके हैं चक्कर
वाहनों के लिए बहाल नहीं हुआ बाराहार पंचायत के गांवों को जोड़ने वाला मार्ग
भाजपा नेता आदित्य विक्रम की अध्यक्षता में डीसी से मिला प्रतिनिधिमंडल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बाराहार पंचायत के गांवों को जोड़ने वाला मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बहाल नहीं हो पाया है। इस मार्ग में बड़ोगी नाम स्थान तक वाहन चल रहे हैं। इससे आगे करीब 8 किलोमीटर मार्ग मरगर सेरी नामक स्थान पर बंद है।
यहां सड़क के आगे और पीछे डंगा लगाने की जरूरत है। इस मांग को लेकर भाजपा नेता आदित्य विक्रम सिंह की अध्यक्षता में पंचायत का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त से मिला। इसमें बाराहार पंचायत के प्रधान परस राम भी शामिल रहे। उन्होंने मांग की है कि अगर बस योग्य सड़क नहीं बन पाती है तो छोटे वाहनों के लिए ही मार्ग को ठीक किया जाए। बारिश से पहले काम करने की जरूरत है।
आदित्य विक्रम सिंह ने बताया कि उपायुक्त से सड़क में मरगन सेरी में सड़क में डंगा लगाने का काम शुरू करने की मांग की गई है। उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग से बात कर उचित निर्देश देने का आश्वासन दिया है।
पंचायत प्रधान परस राम ने बताया कि इस समस्या को लेकर वह तीन साल से उपायुक्त कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई भी समाधान नहीं निकला है। एक बार फिर समस्या लेकर उपायुक्त से मिलने पहुंचे हैं।
उन्होंने बताया कि सड़क बंद होने के कारण क्षेत्र के लोगों को राशन आदि लाने में परेशानी हो रही है। स्कूल और कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को भी परेशानी हो रही है। अगर इसके बाद भी विभाग काम शुरू नहीं करता है तो उनके पास आंदोलन के सिवाय और कोई रास्ता नहीं बचा है।