बागन गांव में विद्यालय के खेल मैदान का डंगा गिरा
स्वास्थ्य केंद्र का भवन भी ताश के पत्तों की तरह ढहा
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। लगघाटी के बागन गांव को लगातार खतरा बना हुआ है। पहाड़ी से चट्टानें गिरने, भूस्खलन और घराें में दरारें आने से ग्रामीणों का जीवन-यापन करना आफत से कम नहीं है।
छह दिन बाद जिले में बारिश का दौर थमा है। इससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है लेकिन जो परिवार आशियाने छोड़कर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बागन में रह रहे हैं उनकी भूस्खलन लगातार परीक्षा ले रहा है।
जान बचाने के लिए 27 परिवारों ने विद्यालय में शरण ली है। भारी बारिश के कारण स्कूल के खेल मैदान का डंगा भी गिर गया है। स्वास्थ्य विभाग के स्वास्थ्य केंद्र का भवन भी ताश के पत्तों की तरह ढह गया है। पहाड़ी से चट्टानें गिरने का क्रम लगातार जारी है। खेल मैदान का डंगा गिरने से अब ग्रामीणों को डर सताने लगा है कि जहां शरण लेकर बैठे हैं वहां भी कोई अनहोनी न हो जाए।
पिछले पांच दिनों से लगातार बारिश की वजह से घरों में आईं दरारें के बीच रहना संभव नहीं रहा। बच्चों के साथ घर छोड़ स्कूल भवन में शरण ली है। अब स्कूल के खेल मैदान का डंगा भी गिर गया है। इससे डर और बढ़ने लगा है। - बुधवंती
बागन गांव को खतरा है। पहाड़ी से चट्टानें गिर रही हैं। दरारें आने से घर छोड़ने पड़े हैं। लगधारी गांव में भी भूस्खलन हो रहा है। इससे बागन को और खतरा बढ़ गया है। बच्चों के साथ रातें डर के साये में कट रहीं हैं। -गुड्डी देवी