उत्सव में प्रदर्शनियों के साथ-साथ होंगी खेलकूद प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी में पर्यटन एवं स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए लाहौल शरद उत्सव-2024 का आगाज 19 फरवरी को उदयपुर में होगा। लता ठाकुर मेमोरियल स्टेडियम के मैदान में उत्सव मनाया जाएगा।
इसके अलावा 24 फरवरी को पुलिस मैदान केलांग में भी उत्सव का आयोजन होगा। जिला प्रशासन लाहौल के गोंदला, जिस्पा, खंगसर, सिस्सू और कोकसर में भी इसका आयोजन करेगा। उत्सव में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताएं होंगी। उपायुक्त लाहौल-स्पीति राहुल कुमार ने बताया कि स्नो फेस्टिवल का मुख्य आकर्षण विभागीय प्रदर्शनियां, पारंपरिक कलाकृतियों की प्रदर्शनी, हस्तशिल्प एवं हथकरधा, पारंपरिक फूड स्टॉल, हिम शिल्प प्रतियोगिता, तीरअंदाजी, बुनाई, रस्साकशी, बैडमिंटन, वॉलीबाल, आइस स्केटिंग, स्नो स्की और स्नो बोर्ड, स्नो मैराथन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
बताया कि कुछ स्थानों में शरद उत्सव के आयोजन की तिथि तय नहीं हुई है। मौसम को देखते हुए तिथियों केे बारे में अवगत करवाया जाएगा। उत्सव में वाद्य यंत्र वादकों को भी आमंत्रित किया जाएगा। जनजातीय रीति रिवाजों एवं परंपराओं पर एक सेमीनार का आयोजन जनजातीय संग्रहालय केलांग में होगा। संवाद