विशेष ग्राम सभाओं में प्रस्ताव पारित कर नशे के खिलाफ जंग का एलान
चिट्टा के खिलाफ सख्ती, अगर कोई बेचता पकड़ा गया तो होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। नशा मुक्त समाज की दिशा में प्रदेश सरकार की ओर से पहल शुरू की गई है। पंचायतें भी अब चिट्टा जैसे जहर के खिलाफ सख्त हो गई हैं।
इसी कड़ी में पंचायतों में बुधवार को नशे और विशेष रूप से चिट्टा के दुष्प्रभावों के प्रति जन जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया।
कुल्लू विकास खंड की 18 पंचायतों में विशेष ग्राम सभाएं हुईं। इनमें चिट्टा के खिलाफ प्रस्ताव पारित किए गए। जिले की कुछ पंचायतों में वीरवार को भी यह सिलसिला जारी रहेगा। ग्राम पंचायत बड़ा भूईन के प्रधान विनोद कायस्था ने कहा कि चिट्टा के खिलाफ पंचायत की ग्राम सभा में आए लोगों ने अपने सुझाव पेश किए। लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर चिट्टा को जड़ से मिटाने के लिए अपनी सहभागिता दर्ज करवाने की भी हामी। चिट्टा के खिलाफ एक कमेटी का गठन किया जाएगा। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि चिट्टा के खिलाफ सूचना दें।
जिया पंचायत के प्रधान संजू पंडित ने कहा कि चिट्टा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चिट्टा बेचता हुआ अगर कोई पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
खंड विकास अधिकारी लक्ष्मी चंद शर्मा ने कहा कि कुल्लू विकास खंड की 18 पंचायतों में चिट्टा के खिलाफ प्रस्ताव पारित किए गए हैं। कुछ पंचायतों में वीरवार को ग्राम सभाएं होंगी। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और आम लोगों से अपील की कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं और युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें।