कुल्लू। जिला लाहौल स्पीति और कुल्लू में बारिश-बर्फबारी के कारण दो हाईवे समेत 149 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। यहीं नहीं कुल्लू जिले की लगवैली और पार्वती घाटी में करीब 32 ट्रांसफार्मर ठप होने से 40 गांवों में अंधेरा छा गया है।
संपर्क सड़काें में यातायात अवरुद्ध होने के कारण यात्रियों को पैदल ही सफर करना पड़ा। स्कूल-कॉलेज समेत नौकरी पेशा लोगों को ज्यादा दिक्कतें उठानी पड़ी। बर्फबारी के कारण मनाली-लेह और औट-बंजार-सैंज हाईवे पर यातायात अवरुद्ध हो गया है। लाहौल में 134 सड़कें जबकि कुल्लू जिले में 15 मार्ग बंद हो गए हैं।
जिला कुल्लू में वीरवार शाम से बर्फबारी और बारिश हो रही है। लोगों को ठंड में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल-काॅलेज के विद्यार्थियों के साथ नौकरी पेशा लोगों को मीलों तक पैदल सफर करना पड़ा। कई रूट ऐसे भी हैं, जहां बसें आधे रास्ते तक ही जा सकीं। उससे आगे लोगों को पैदल ही गंतव्य तक पहुंचना पड़ा।
मनाली में छह सड़कों के साथ कुल्लू में तीन, बंजार में तीन तथा बाह्य सराज आनी में तीन सड़कों पर यातायात अवरुद्ध चल रहा है। जिला मुख्यालय के साथ सटी लगवैली में 7 और पार्वती घाटी में 25 ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। इससे करीब 40 गांवों में अंधेरा छा गया है। लोगों को सर्द रातें अंधेरे में काटनी पड़ रही हैं।
बिजली बोर्ड ठप पड़ी बिजली सप्लाई को बहाल करने में जुट गया है। मौसम ने साथ दिया तो शनिवार तक बिजली आपूर्ति बहाल हो सकती है। सहायक आयुक्त कुल्लू शशिपाल शर्मा ने कहा कि मौसम पर प्रशासन नजर रखे हुए हैं। उन्होंने सैलानियों को सोलंगनाला, हामटा, अटल टनल रोहतांग एवं जलोड़ी दर्रा की तरफ न जाने की हिदायत दी है। बर्फबारी के बाद सासे मनाली ने कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिले के साथ हिमालय क्षेत्रों में हिमखंड गिरने का अलर्ट जारी किया है। संवाद
केलांग में ताजा बर्फ के बाद का नजारा। संवाद।
केलांग में ताजा बर्फ के बाद का नजारा। संवाद।
केलांग में ताजा बर्फ के बाद का नजारा। संवाद।