कुल्लू। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 के दौरान जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से आयोजित लकी ड्रॉ के विजेताओं की सूची जारी कर दी गई है।
बुधवार को लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में कुल 201 पुरस्कारों के लिए ड्रॉ निकाला गया। इसमें प्रथम पुरस्कार का टिकट नंबर 008247 को मिला। इसके तहत विजेता को मारुति सिलेरियो कार या 4,70,106 रुपये नकद इनाम मिलेगा। वहीं, द्वितीय पुरस्कार के लिए 033511 नंबर का टिकट निकला। द्वितीय पुरस्कार के विजेता को रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल या 1,85,854 रुपये नकद दिए जाएंगे।
तृतीय पुरस्कार टिकट नंबर 039134 के नाम रहा। तृतीय पुरस्कार के विजेता को एक्टिवा स्कूटी या 1,19,447 रुपये नकद देने का प्रावधान है।
लालचंद प्रार्थी कलाकेंद्र में उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार शर्मा ने प्रथम पुरस्कार का ड्रॉ निकाला। इसके अलावा बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और अधिकारियों ने भी विभिन्न पुरस्कारों के लिए ड्रॉ निकाले।
प्रमुख पुरस्कारों के अतिरिक्त लकी ड्रॉ में लैपटॉप, स्मार्ट टीवी, मोबाइल फोन, स्पीकर, साइकिल, माइक्रोवेव और जूसर सहित अन्य उपहार भी शामिल हैं। वहीं, 50 विजेताओं को 2,500 रुपये और 48 विजेताओं को 1,000 रुपये की नकद राशि दी जाएगी।
उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि लकी ड्रॉ से जुटाई गई धनराशि गरीबों, जरूरतमंदों और विशेष आवश्यकता वाले व्यक्तियों की सहायता के साथ स्वास्थ्य सुविधाओं और नशामुक्ति संबंधी पहलों पर खर्च की जाएगी।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने सभी विजेताओं से अपील की है कि वे अपनी मूल टिकट पर्ची के साथ 28 नवंबर तक पुरस्कार के लिए दावा प्रस्तुत करें।
इस अवसर पर एडीएम सुरजीत राठौर, सहायक आयुक्त रोहित शर्मा, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव चंद्रकेश शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।