कल देहुरी देवालय से निकलेंगे देवता देवता, एसएमसी करेगी स्वागत
देव नृत्य रहेगा आकर्षण, लोगों को सुख-शांति का आशीर्वाद देंगे मालिक
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिला कुल्लू के अधिष्ठाता देवता खुडीजल का दो दिवसीय पारंपरिक लगौटी मेला 21 अप्रैल से शुरू होगा। देवता मेले के सफल आयोजन के लिए मंदिर कमेटी ने तैयारियां पूरी कर दी है।
मेले में नाटी और देवता खुडीजल का देव नृत्य आकर्षण का केंद्र होगा। मेले का शुभारंभ सोमवार को देवता खुडीजल की भव्य रथयात्रा के साथ शुरू होगा। करीब एक किलोमीटर लंबी देवता की शोभायात्रा देहुरी देवालय से आरंभ होगी। मेले और देवता के दर्शन को लेकर रघुपुर घाटी के लोगों में खासा उत्साह है। इसमें लगौटी, टकरासी, लगौटी व करशैईगाड़ पंचायत के लोग भाग लेते हैं।
कारदार शेर सिंह, सचिव पूर्ण शर्मा और पुजारी रूप लाल शर्मा ने कहा कि लोगों को लगौटी मेले को लेकर खासा इंतजार रहता है। कहा कि देवता के दर्शन के लिए सीमांत लगते मंडी जिले के लोग भी दर्शन के लिए पहुंचते है। कारदार शेर सिंह ने कहा कि 21 अप्रैल सुबह देवता खुडीजल के देवरथ को सोने व चांदी के मुख मोहरों से सजाया जाएगा।
दोपहर करीब 1:30 बजे देवता की रथयात्रा देहुरी मंदिर से मेला स्थल लगौटी के लिए रवाना होगी। मेला स्थल पहुंचने पर लगौटी स्कूल की स्कूल प्रबंधन समिति ओर शिक्षकों द्वारा देवता खुडीजल का भव्य स्वागत किया जाएगा। मेले में देव खुडीजल सैकड़ों लोगों को सुख-शांति का आशीर्वाद देंगे।