लाहौल के त्रिलोकनाथ स्कूल में खेलकूद प्रतियोगिता के बालीवॉल मैच में दमखम दिखाते स्कूली छात्र।
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला त्रिलोकनाथ में छात्र वर्ग की 52वीं अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू हुई। सोमवार को खेलों का शुभारंभ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय त्रिलोकनाथ में एसडीएम उदयपुर केशव राम ने किया। प्रतियोगिता में जिले के 13 स्कूलों के 116 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
तीन दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में मार्च पास्ट, वॉलीबाल, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, योग, चेस, एथलेटिक्स और लोकनृत्य में खिलाड़ी हुनर दिखाएंगे। एसडीएम केशव राम ने कहा कि खेलों का मानव जीवन में बहुत अधिक महत्व है। खेलों से जहां मानव शरीर स्वस्थ रहता है, वहीं इससे खिलाड़ी नशे से भी दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि खेलों से टीम भावना और संगठित होकर काम करने की प्रेरणा मिलती है। शिक्षा उपनिदेशक सतीश कौड़ा ने भी बच्चों को अनुशासन से खेलने की अपील की।
पहले दिन मार्चपास्ट प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मड्ग्रां ने पहला स्थान पाया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला त्रिलोकनाथ ने दूसरा स्थान हासिल किया। कबड्डी मेंं मड्ग्रां की टीम ने गोंदला और शकोली टीम ने त्रिलोकनाथ को हराया। खो-खो में मड्ग्रां की टीम ने उदयपुर और शकोली ने शांशा को हराया।
वॉलीबाल में जाहलमा की टीम ने सलग्रां को हराया और उदयपुर की टीम ने तिंदी की टीम और शांशा ने थिरोट को हराकर अगले दौर में प्रवेश पाया। बैडमिंटन में थिरोट स्कूल ने गोंदला स्कूल को जबकि तिंदी स्कूल ने त्रिलोकनाथ को हराया। योग में थिरोट स्कूल प्रथम और मड्ग्रां को दूसरा स्थान मिला है। इस अवसर पर त्रिलोकनाथ स्कूल की छात्राओं ने लद्दाखी नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रधान दिनेश, शकोली पंचायत प्रधान संतोष कुमार, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश सहित कई स्कूलों के अध्यापक मौजूद रहे। संवाद