निगम और सरकार से दुरुस्त बसें चलाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
बंजार (कुल्लू)। विधायक सुरेंद्र शौरी ने कहा कि बंजार के रूटों पर खटारा बसें भेजी जा रही हैं। बसें बीच मार्ग में जगह-जगह खराब हो रही हैं। कहा कि बीते दिन ही चनौन रूट पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस के ब्रेक फेल होने से कई जिंदगियों पर जान की बन आई थी। इसके अलावा कुछ दिन पूर्व छेत के समीप सरकारी बस में आग लगने की घटना भी सामने आई थी।
खराबी से बस सेवा बंद हो जाना आम बात हो गई है। गोही और रैला बस रूटों पर भी ग्रामीणों ने निगम की खटारा और नकारा बसों को चलाने की शिकायत की है। उन्होंने सरकार और निगम से इन रूटों पर चलने वाली बसों को बदलने की मांग उठाई है। विधायक शौरी ने कहा है कि बंजार क्षेत्र में सड़कों की दुर्दशा और भौगोलिक परिस्थितियों के अनुरूप यांत्रिक रूप से दुरुस्त बसें चलाई जानी चाहिएं। सरकार की अनदेखी जनता को जोखिम भरा सफर करने पर मजबूर कर रही है। संवाद