बोले, मौके पर मौजूद पांच पटवारी और एक दैनिक भोगी से भी की मारपीट
मामले में अब तक किसी की भी गिरफ्तारी न होने से संघ नाराज
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। दशहरा उत्सव के दौरान देवलुओं के कोप का भाजक हुए तहसीलदार के पक्ष में कानूनगो और पटवार संघ उतर गया है। अब तक मारपीट करने वालों पर किसी तरह की कार्रवाई न होने को लेकर संघ ने रोष जताया है।
संघ के अध्यक्ष ऋषभ डोगरा ने बताया कि दशहरा उत्सव के दौरान तहसीलदार के साथ हुई मारपीट में अब तक प्रशासन की ओर से कोई भी उचित कार्रवाई नहीं हुई है। इसको लेकर जिला कानूनगो और पटवार संघ ने रोष जताया है। उन्होंने बताया कि दशहरा उत्सव में मेले की ड्यूटी देते हुए भृगु ऋषि के हारियानों राहुल नाम के एक लड़के और इसके अन्य साथियों ने देवता का सहारा लेकर तहसीलदार कुल्लू और इनके साथ ड्यूटी कर रहे पटवारी और दैनिक भोगी पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और मारपीट की। इतना ही नहीं, तहसीलदार को रघुनाथ शिविर से भृगु ऋषि के शिविर तक घसीटकर ले जाया गया और उन्हें यातना दी गई। तहसीलदार के साथ पांच पटवारी और एक दैनिक भोगी के साथ भी मारपीट की गई। अभद्र टिप्पणी करते हुए राहुल और इसके साथियों ने जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कहा कि यह सब पुलिस प्रशासन की नाक के तले हुआ। दोपहर 12:30 पर यह सब हुआ। इसका वीडियो वायरल हो रहा है। सीसीटीवी में इसकी फुटेज है लेकिन पुलिस और प्रशासन ने इसकी एफआईआर दूसरे दिन लगभग शाम 5 बजे दर्ज की। अब तक न कोई आरोपी पकड़ा गया और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई है।
इस मामले में पटवारी और कानूनगो संघ उच्चाधिकारियों से भी बार-बार मिल चुका है। सिर्फ आश्वासन के सिवाय कोई कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में इस घटना के विरोध में संघ रोष स्वरूप 8 और 9 अक्तूबर को सामूहिक अवकाश करेंगे।