दोनों के पक्ष में उतरे लोग, सोशल मीडिया में दे रहे अपनी प्रतिक्रिया
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। दशहरा में तहसीलदार कुल्लू और देवलुओं के बीच हुए विवाद की जांच डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ करेंगे। मामले को लेकर तहसीलदार कुल्लू हरि सिंह यादव की शिकायत पर पुलिस थाना कुल्लू में केस दर्ज हुआ है। इसकी जांच पुलिस ने शुरू कर दी है।
तहसीलदार ने आरोप लगाया है कि वह दशहरा में सरकारी आदेशों का पालन कर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान उन्हें कुछ लोग कॉलर से पकड़कर घसीटकर उन्हें देवता के शिविर तक ले गए। साथ ही देवता के गूर के सामने उन्हें नाक रगड़ने को मजबूर किया और यातनाएं दी गईं। मामले को लेकर कई लोग तहसीलदार के पक्ष में उतरे तो कई लोग देवलुओं का भी पक्ष ले रहे हैं। लोगों का कहना है कि सरकारी ड्यूटी पर तैनात तहसीलदार के साथ मारपीट करना ठीक नहीं है। कई लोग तहसीलदार को देवता के शिविर में जूते के साथ घुसने को देव नियमों का उल्लंघन बता रहे हैं। जिला देवी-देवता कारदार संघ ने तहसीलदार के साथ हुई घटना की निंदा की है। देवता के शिविर में जूते पहनकर गए अधिकारी को इसके लिए गलत ठहराया है। दोनों के पक्ष में उतरे लोग सोशल मीडिया में अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अब पूरे मामले की जांच डीएसपी आनी करेंगे। पुलिस अधीक्षक कुल्लू डाॅ. कार्तिकेयन ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है।