लाहौल के कारगा स्थित जीरो प्वाइंट में एक जीप लुढ़क कर भागा नदी में जा
गिरी। यह हादसा रविवार देर रात पेश आया है। हादसे के बाद से वाहन मालिक
(चालक) लापता है। हालांकि, सोमवार सुबह स्थानीय लोगों के साथ पुलिस जवानों
ने भी लापता शख्स की तलाश की लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
केलांग में तैनात पुलिस उपनिरीक्षक तेजेंद्र वर्मा ने बताया कि रविवार रात
करीब पौने नौ बजे तांदी पुल के समीप कारगा जीरो प्वाइंट से एक महेंद्रा
जीप एचपी-42-1077 भागा नदी में लुढ़क गई, जिसमें सवार जीप मालिक लापता है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के साथ लापता शख्स की तलाश शुरू कर दी है। यह
जीप वारिंग गांव के प्रदीप कुमार के नाम से पंजीकृत है। उन्होंने बताया कि
हादसे में लापता वाहन मालिक को ढूंढने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।