पेच्छा से लेकर चंसारी, धार्ठ तक रही जाम की स्थिति
....
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। शिवरात्रि पर्व पर बिजली महादेव मंदिर में शीश नवाने गए श्रद्धालुओं को जाम में परेशान होना पड़ा। तंग सड़क के कारण जाम लग गया।वाहनों की अधिक संख्या के चलते दोपहर तक जाम की स्थिति बनी रही। अधिक समस्या पेच्छा से लेकर धार्ठ तक आई। लंबा जाम लगने के कारण यहां पर वाहनों की कतारें लगी रहीं।
सुबह पांच बजे से कुल्लू-बिजली महादेव सड़क में वाहनों के चलने का सिलसिला शुरू हो गया। सुबह नौ बजे तक धार्ठ गांव के आसपास सड़क गाड़ियों से भर गई। सुबह 11:00 बजे पेच्छा से लेकर चंसारी, इसके बाद धार्ठ तक करीब पांच किलोमीटर में जगह-जगह जाम लगा। जाम के चलते कई श्रद्धालु गंतव्य से पहले ही गाड़ियों से उतरकर पैदल की मंदिर की ओर चल पड़े। कुल्लू से बिजली महादेव सड़क की लंबाई 25 किलोमीटर है। धार्ठ गांव से आगे करीब एक घंटा पैदल चलकर मंदिर तक पहुंचा जाता है।
श्रद्धालु पांच से छह किलोमीटर पहले चंसारी, माहिश और पेच्छा से ही बिजली महादेव के लिए निकल पड़े। जाम के चलते स्थानीय लोग भी परेशान हुए। बिजली महादेव सड़क में विस्तारीकरण कार्य चल रहा है लेकिन अभी तक सड़क में कटिंग का कार्य पूरा नहीं हुआ है। एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन का कहना है कि पुलिस के जवानों ने यातायात को सुचारु रखा है। संवाद