फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kullu News: बर्फबारी से जलोड़ी दर्रा बंद, हाईवे पर यातायात ठप, चार बसें फंसीं

Sun, 15 Mar 2026 11:08 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कुल्लू
विज्ञापन
विज्ञापन
कुल्लू। रविवार को हुई बर्फबारी के चलते 10,280 फुट ऊंचा जलोड़ी दर्रा बंद हो गया। दोपहर बाद बारिश के बाद शुरू हुई बर्फबारी के कारण हाईवे-305 पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। इस कारण एचआरटीसी की तीन और एक निजी बस रास्ते में ही फंस गई। वहीं, जिला मुख्यालय से 69 पंचायतों का संपर्क कट गया है।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार दर्रा बंद होने से निगम की तीन बसें और एक निजी बस रामपुर और बागीपुल में फंस गई हैं। कुल्लू से आनी जा रहीं निगम की दो बसें जलोड़ी दर्रा पार नहीं कर पाईं। कुल्लू-आनी वाया शुश-कोठी बस भी सोझा से आगे नहीं बढ़ सकी। बसें करीब एक से डेढ़ घंटे तक बंजार में जाम में फंसी रहीं। जब बसें सोझा पहुंचीं तो जलोड़ी दर्रा में बर्फबारी शुरू हो चुकी थी, जिससे आगे का रास्ता बंद हो गया।
वहीं, कुल्लू से दोपहर बाद चलने वाली निगम की कुल्लू-आनी बस घियागी तक ही पहुंच सकी। इसके बाद यात्रियों को पैदल या फिर फोर बाई फोर वाहनों के सहारे आगे जाना पड़ा। बर्फबारी से दर्रा के बंद होने से बाह्य सराज की आनी और निरमंड की 69 पंचायतों के साथ जिला मुख्यालय का संपर्क कटने के साथ इनका स्पीति, किन्नौर, शिमला और मंडी जिला का संपर्क भी प्रभावित हुआ है। यहां के लोगों को जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए अब फोर बाई फोर वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
विज्ञापन

स्थानीय निवासी राम लाल कारदार, जय सिंह और पदम सिंह ने बताया कि मौसम में आए बदलाव के कारण जलोड़ी दर्रा बंद हो गया है। शाम छह बजे तक दर्रा क्षेत्र में करीब पांच सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई और बर्फ गिरने का क्रम जारी रहा। वहीं, रघुपुर, जलोड़ी और सोझा के पर्यटन कारोबारियों ने बर्फबारी से खुशी जताई है और उम्मीद जताई कि इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें