आईटीआई शमशी में चल रही छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता के दौरान बास्केटबाल के मुकाबले के दौरान
भुंतर (कुल्लू)। आईटीआई शमशी में चल रही छात्र वर्ग की जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन मंगलवार को रोमांचक मुकाबलों का दौर देखने को मिला। प्रतिभागियों ने जीत के लिए भरपूर जोश और जज्बा दिखाया।
बास्केटबाल का पहला सेमीफाइनल आईटीआई शमशी और आईटीआई ओरियल के बीच खेला गया, जिसमें शमशी ने 56-25 अंकों से जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमीफाइनल आईटीआई पतलीकूहल और आईटीआई बंजार के बीच हुआ, जिसमें पतलीकूहल ने 55-20 से शानदार जीत हासिल की।
खो-खो के पहले सेमीफाइनल में आईटीआई पतलीकूहल ने आईटीआई सैंज को हराया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में आईटीआई कुल्लू ने आईटीआई निरमंड को मात दी। फाइनल में आईटीआई शमशी और आईटीआई कुल्लू के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें शमशी ने 18-2 के बड़े अंतर से जीत हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं, ट्रिपल जंप में निरमंड के संदीप ने पहला स्थान प्राप्त किया। निरमंड के योगेश दूसरे, कुल्लू के तेज किरण तीसरे स्थान पर रहे।
जेवलिन थ्रो में शमशी के नवीन पहले, निरमंड के किरण दूसरे और ईश्वर तीसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता का समापन बुधवार को होगा। इसमें विजेता रहने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।