पांच माह पहले बनाला स्कूल भवन को मंजूर की है दो लाख की राशि
प्रशासन ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के नाम जारी किया है बजट
एक साल से पड़ा है स्कूल का लेंटर,अब निर्माण कार्य चल रहा ठप
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले की केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला बनाला के भवन का निर्माण कार्य एक साल से अधूरा है। इसके लिए उपायुक्त कार्यालय ने राशि को स्वीकृति तो दी है, मगर जिला प्रशासन पैसा देना भूल गया है।
प्रशासन ने दो लाख रुपये की राशि को पांच माह पहले पांच नवंबर को मंजूरी दी है। यह राशि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के नाम स्वीकृत है। जब पड़ताल की गई तो पता चला कि स्कूल भवन के निर्माण को मंजूर राशि भुंतर के साथ जरड़ स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) को नहीं मिली है। केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला बनाला में नया सत्र भी शुरू हो गया है। राशि नहीं मिलने से अभी काम नहीं हो रहा है।
आने वाले दिनों में तापमान में वृद्धि होगी तो विद्यार्थी कहां पढ़ाई करेंगे। उन्हें भवन के अभाव से खुले में पढ़ने को मजबूर होना पड़ेगा। स्कूल में दो पंचायतों के 31 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, मगर पैसे की कमी से भवन का निर्माण लटका होने से स्कूल प्रबंधन समिति और अभिभावकों में प्रशासन और शिक्षा विभाग के प्रति रोष है। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बेली राम, मान सिंह, ओम प्रकाश और कुमार सिंह ने कहा कि स्कूल के नए भवन को लेंटर पड़े एक साल हो गया है। पहले भी शिक्षा विभाग की देरी के कारण भवन का निर्माण दो साल बाद शुरू हुआ और अब एक साल से आध काम लटका है। भवन के निर्माण को पूरा करने के लिए उपायुक्त कुल्लू से राशि देने के लिए कागजी प्रक्रिया को पूरा कर दिया है। कहा कि प्रशासन ने राशि को मंजूर कर दिया है, लेकिन पैसा नहीं आने से काम शुरू नहीं हो पाया है।
मंजूरी तो मिली है, लेकिन दो लाख रुपये की राशि उन्हें अभी नहीं मिली है। नवंबर में राशि को स्वीकृति दी गई है। जैसे ही खाते में राशि आती है तो जल्द इसे स्कूल को भेजा जाएगा। - सुरेंद्र शर्मा, प्रिंसिपल, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान जरड़
स्कूल भवन को पूरा करने के लिए दो लाख की मंजूरी दी है। जल्द ही इस राशि को डाइट के खाते में डाला जाएगा।
- अश्वनी कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त कुल्लू