आयुष विभाग ने मनाया प्री-योग दिवस, स्वस्थ रहने का दिया संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। मनुष्य तनाव मुक्त रहकर शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत कर सकता है। इसके लिए आयुर्वेद सबसे आसान और उपयुक्त साधन है। हमारा शरीर पूरी तरह से स्वस्थ रहे, इसके लिए हमें योग और ध्यान को अपनी दिनचर्या में शामिल करना होगा। यह बात आयुष विभाग के दवा निरीक्षक डॉ. मनीष सूद ने कही। वीरवार को आयुष विभाग ने आईटीबीपी बबेली में प्री-योग दिवस मनाया।
इसमें डॉ. मनीष सूद, डॉ. अनु सूद, डॉ. विकेश, डॉ. मृचिका और योग प्रशिक्षक आरती शर्मा एवं पन्ना लाल ने जवानों को योग और ध्यान से शरीर को निरोग और तनाव मुक्त रखने की विधाएं सिखाईं। उन्होंने सूक्ष्म व्यायाम, आसन, प्राणायाम और ध्यान क्रियाएं करवाकर योग के बारे में बताया। दवा निरीक्षक डॉ. मनीष सूद ने कहा कि आयुष विभाग जिले के हर क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पूर्व प्री-योग दिवस मना रहा है।
इसका उद्देश्य लोगों को आयुर्वेद के बारे में जागरूक करना है। कहा कि इसी उद्देश्य से वीरवार को आईटीबीपी प्रशिक्षण केंद्र बबेली में प्री-योग दिवस का आयोजन किया गया। इस संबंध में जिला आयुष अधिकारी डॉ. हरीश भारद्वाज ने कहा कि आयुर्वेद लोगों के जीवन को स्वस्थ और संतुलित बनाने, तनाव कम करने में मदद करता है। संवाद