सोयल-चक्कलाड़ी-मनसारी कूहल को बहाल करने की उठाई मांग
.......................
संवाद न्यूज एजेंसी
हरिपुर (कुल्लू)। सोयल से चक्कलाड़ी होकर मनसारी तक आने वाली सिंचाई कूहल के क्षतिग्रस्त होने से किसानों को दो माह से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कूहल खराब होने के कारण सब्जियों की फसल सूखने के कगार पर पहुंच गई है। किसानों का कहना है कि समस्या के बारे में कई बार संबंधित विभाग को अवगत करवाया गया, लेकिन अभी तक कूहल की मरम्मत नहीं की गई है।
स्थानीय किसानों सौरभ, निशांत, चंद्रमोहन, वरुण, उमेश, सतीश और कमलेश ने बताया कि सिंचाई कूहल के क्षतिग्रस्त होने से हाल ही में बिजाई की गई सब्जियों की फसलें खराब हो रही हैं। कूहल खराब होने से खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। किसानों ने संबंधित विभाग से मांग उठाई है कि सिंचाई कूहल की क्षतिग्रस्त लाइन को जल्द ठीक करवाया जाए। ग्राम पंचायत सोयल के प्रधान अमर ठाकुर ने बताया कि सिंचाई कूहल से जुड़ी समस्या को लेकर पखनोज नाले पर बन रहे हाइड्रो प्रोजेक्ट के अधिकारियों को सूचित किया है।
उन्होंने बताया कि जल्द ही सिंचाई कूहल को बहाल किया जाएगा। उन्होंने बताया कि दो माह से कूहल क्षतिग्रस्त होने के कारण किसानों को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता रणवीर ने बताया कि सिंचाई कूहल की मरम्मत को लेकर एस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। जल्द ही कूहल का टेंडर लगाया जाएगा और इसके बाद कार्य शुरू किया जाएगा। संवाद