कुल्लू में पानी की टंकियां साफ रखने के फरमान
- फोटो : अमर उजाला
हर घर एवं हर नल में पेयजल की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए कुल्लू में ‘स्वच्छ जल हर नल’ अभियान शुरू किया गया है। प्रशासन द्वारा सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग की मदद से आरंभ किए गए इस अभियान में सभी पेयजल योजनाओं के स्रोतों व प्राकृतिक जल स्रोतों के अलावा घरों की टंकियों की सफाई भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन और आईपीएच विभाग ने इसके लिए एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।
अभियान के पहले चरण में जिला मुख्यालय व इसके आस-पास के इलाकों के जलस्रोतों की सफाई की जाएगी और इसके प्रति आम लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसमें विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के अलावा स्थानीय निकायों के जन प्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान के तहत लोगों को टंकियों की सफाई के लिए प्रेरित किया जा रहा है। टंकियों की सफाई के लिए आईपीएच विभाग लोगों को पर्याप्त समय देगा व उसके बाद ही पानी की सप्लाई छोड़ेगा।
शनिवार और रविवार को जिला मुख्यालय व इसके साथ लगते इलाकों में सुबह-शाम पानी की सप्लाई 2-3 घंटे के विलंब के बाद चालू की जाएगी, जिससे इस दौरान लोग टंकियों की सफाई कर सकें। आईपीएच विभाग के पास क्लोरीन की दवाई काफी मात्रा में उपलब्ध है। अगर किसी इलाके के प्राकृतिक जल स्रोतों के लिए आवश्यकता होने पर लोग विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। इधर, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी विनय सिंह ठाकुर ने बताया कि कई बार घरों की टंकियों में गंदगी के कारण भी जल जनित रोगों के फैलने की आशंका रहती है। सभी लोगों को समय-समय पर अपने घरों की टंकियों की सफाई करनी चाहिए।