सोशल मीडिया में वायरल हो रहा लाहौल की वादियों में यातायात नियम तोड़ने वाला वीडियो
स्थानीय लोगों ने की जांच की मांग, एसपी ने डीएसपी केलांग को दिया जांच करने का जिम्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
केलांग (लाहौल-स्पीति)। सोशल मीडिया में वायरल हो रहे बॉलीवुड अभिनेता के एक वीडियो के मामले में लाहौल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो में बॉलीवुड अभिनेता को बिना हेलमेट बाइक दौड़ाते देखा जा सकता है।
साेशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने इस मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग उठाई है। इसके चलते लाहौल-स्पीति पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार वीडियो में एक बॉलीवुड अभिनेता को लाहौल-स्पीति जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए देखा गया है। प्रारंभिक जानकारी में पता चला है कि यह वीडियो वर्ष 2023 का प्रतीत होता है। फिर भी इसकी सत्यता की जांच करने के लिए डीएसपी मुख्यालय केलांग को जिम्मा सौंपा गया है। एसपी लाहौल स्पीति इल्मा अफरोज के अनुसार कानून के अनुसार जो भी आवश्यक कार्रवाई बनती है, वह जिला पुलिस की ओर से की जाएगी। उन्होंने लाहौल-स्पीति के सभी नागरिकों एवं पर्यटकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा अनुशासित एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाएं।