खाद्य सुरक्षा विभाग ने काटे चालान, दी चेतावनी
संवाद न्यूज एंजेसी
मनाली। पर्यटन नगरी मनाली के मालरोड से अग्निशमन विभाग केंद्र तक बिना पंजीकरण खाद्य सामग्री बेचने वालों पर शिकंजा कस गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग के खाद्य निरीक्षक ने सोमवार को मनाली में दबिश देकर ऐसे लोगों के चालान किए। विभाग के कार्यालय में चालान भरने के सभी को आदेश हुए हैं।
गौरतलब है कि मनाली में अधिकृत रूप से प्रवासी लोग गुलाब जामुन, ड्राई फ्रूट्स, गोलगप्पे, पान, उबले हुए अंडे, सिड्डू आदि बेचते हैं। कई लोगों ने न तो अपना पंजीकरण करवाया है और न ही नगर परिषद से रेहड़ी फड़ी लगाने की अनुमति ली है। नगर परिषद ने ऐसे लोगों पर कार्रवाई के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग से मांग की थी। इस पर कार्रवाई करते हुए सोमवार को खाद्य निरीक्षक ने मनाली शहर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान सभी के पंजीकरण बारे जांच की गई। बिना पंजीकरण सामान बेचने वाले छह लोगों के चालान किए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने बताया कि विभाग की यह कार्रवाई जारी रहेगी। बिना पंजीकरण कोई भी खाद्य सामग्री नहीं बेचीं जा सकती। विभाग शहर में खाद्य पदार्थों की पक्की दुकानों का भी निरीक्षण करेगा। जहां जरूरत होगी सेंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। उधर व्यापार मंडल और नगर परिषद ने विभाग की कार्रवाई का स्वागत किया है। नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज लारजे ने बताया कि नगर परिषद भी कई बार इन लोगों पर कार्रवाई कर चुकी है।