सैंज (कुल्लू)। बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए वीरवार को उपायुक्त कुल्लू ने सैंज घाटी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक सेवाओं की बहाली के कार्य को तेज करने के निर्देश जारी किए। उपायुक्त कुल्लू तोरूल एस रवीश ने वीरवार को भारी बारिश के कारण प्रभावित सैंज घाटी सहित अन्य इलाकों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षति का आकलन किया। उन्होंने इस दौरान बिहाली, सपांगनी, सैंज, दरमेहड़ा, रोपा, न्यूली तथा गुशैणी क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि सड़क, पुल, पेयजल, बिजली और दूरसंचार जैसी मूलभूत सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सख्त निर्देश दिए कि सेब और सब्जी सीजन के चलते किसानों को उत्पाद मंडियों तक ले जाने में कठिनाई न हो इसलिए सड़कें तुरंत दुरुस्त की जाएं। उनके साथ एसडीएम बंजार पंकज, तहसीलदार नरेंद्र शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति रविंद्र, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण चमन मौजूद रहे।