एडीबी की टीम ने अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नग्गर (कुल्लू)। नग्गर कैसल में चल रहे संरक्षण एवं पुनर्स्थापन कार्य का निरीक्षण करने के लिए बुधवार को एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) की टीम हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड (एचपीटीडीबी) के परियोजना निदेशक विवेक महाजन के साथ कैसल पहुंची। इस दौरान टीम ने कार्य की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। इस दौरान टीम को निर्माण कार्य की निगरानी कर रहे सहायक अभियंता पुनीत वर्मा ने जानकारी दी।
उन्होंने नग्गर कैसल के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह कुल्लू घाटी के प्रमुख विरासत स्थलों में से एक है। उन्होंने परियोजना के अंतर्गत किए जा रहे संरक्षण कार्यों में इसकी मौलिकता को बनाए रखने के लिए उपयोग में लाई जा रही तकनीक की भी जानकारी दी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दो साल के भीतर कैसल पर्यटकों के लिए तैयार हो जाएगा।
टीम के सदस्या ने इस दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस परियोजना के माध्यम से न केवल ऐतिहासिक धरोहर का संरक्षण किया जाए, बल्कि पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय समुदाय के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी योगदान दिया जाए। टूरिज्म डेवलपमेंट सोसाइटी नग्गर के अध्यक्ष संत कुमार शर्मा ने बताया कि यह परियोजना क्षेत्र में पर्यटकों को और ज्यादा आकर्षित करने का काम करेगी। इस दौरान मनोज काईस्था, चंदन शर्मा और आदित्य शर्मा मौजूद रहे।