बंजार (कुल्लू)। राज्य कृषि विभाग ने प्रदेश के समस्त किसानों-बागवानों की सुविधा के लिए एग्रीस्टेक पोर्टल तैयार किया है। इसके माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी।
पोर्टल पर पंजीकरण के लिए किसानों को अपना आधार कार्ड, आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर और भूमि से संबंधित दस्तावेज (खसरा नंबर सहित) लेकर नजदीकी लोक मित्र केंद्र में जाना होगा। सभी लोकमित्र केंद्रों और सीएससी सेंट्रो में यह निशुल्क रजिस्ट्रेशन की जाएगी। इसके अतिरिक्त किसान स्वयं भी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://hpfmis.agristack.gov.in/farmer-registry-hp/ पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं।
कृषि विभाग कुल्लू की उपनिदेशक डॉ. रितु गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के सभी लाभार्थियों को इस पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। पंजीकरण न होने की स्थिति में किसानों को भविष्य में योजनाओं का लाभ लेने में दिक्कतें आ सकती हैं।