विश्वविख्यात पर्यटन नगरी मनाली में समर सीजन शुरू होने से पहले प्रशासन ने अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। पर्यटन सीजन के दौरान लगने वाले जाम से निपटने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार किया गया है। इसी के तहत ट्रैफिक को वन-वे करने के लिए बॉलीवुड स्टार कंगना रनौत के निर्माणाधीन बंगले के बाहर से होते हुए कन्याल-ढुंगरी बाइपास रोड तैयार किया जा रहा है। प्लान को शीघ्र क्रियान्वयन करने के लिए शुक्रवार को मनाली के एसडीएम, एएसपी, तहसीलदार, एसएचओ, रेंज ऑफिसर और लोनिवि के अधिकारियों ने ज्वाइंट इंस्पेक्शन किया। प्रशासन ने वामतट मार्ग पर यातायात को सुचारू बनाए रखने को चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे से बाणु पुल होकर प्रीणी-अलेड के लिए भी बाइपास रोड बनाने का निर्णय लिया है। जानकारों का मानना है कि इन बाइपास के बनने से मनाली घूमने आए सैलानियों को घंटों जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। वामतट और दायें तट दोनों ही ओर यातायात सुगम बना रहेगा। मनाली के एसडीएम हेमराज बेरवा ने ज्वाइट इंस्पेक्शन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आने वाले पर्यटन सीजन में स्थानीय लोगों समेत सैलानियों की सहूलियत का पूरा धान रखा जाएगा।