कुल्लू में जमीन के लिए भाई ने भाई की कर दी हत्या।
- फोटो : अमर उजाला
कुर्मी हत्याकांड में उसके सगे भाई का हाथ था। आरोपी ने हत्या जमीनी झगड़े को लेकर की थी। जांच में सामने आया है कि कुर्मीचंद की हत्या कुल्लू के गांधी नगर में कर दी गई थी। जिसके बाद शव को ट्रक में भर कर मलाण जा कर नाले में फेंक दिया गया था। हालांकि इस मामले में पहले मृतक की पत्नी पर संदेह किया जा रहा था। वहीं बाद में पुलिस ने इस मामले में एक महिला को भी गिरफ्तार किया था। हालांकि पहले पूरा संदेह कुर्मी चंद की पत्नी पर था, लेकिन मृतक के भाई की बातों से पुलिस को संदेह हुआ।
पुलिस ने शक के आधार पर कुर्मी चंद के भाई रामनाथ को पूछताछ के लिए बुलाया। पुलिस की सख्ती के आगे कुर्मी चंद का भाई रामनाथ टूट गया और उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पूछताछ में सामने आया है कि यह हत्या जमीन के झगड़े को लेकर हुई है। एएसपी कुल्लू निश्चिंत सिंह नेगी ने बताया कि रामनाथ बार-बार कुर्मी दत्त की पत्नी पर संदेह जता रहा था। जिसके चलते वह पहले दिन से ही पुलिस के राडार पर आ गया था। जांच में पाया गया कि रामनाथ ने जमीनी विवाद को लेकर गांधीनगर में कुर्मीचंद से मारपीट की और बाद में उसका गला घोंट दिया। पुलिस ने आरोपी की शिनाख्त पर हत्याकांड में इस्तेमाल सामान को बरामद कर लिया है।