मनाली में अवैध कब्जों को दे दिए बिजली के कनेक्शन
- फोटो : अमर उजाला
यहां स्थित क्लब हाउस के पास सरकारी जमीन पर एक बार फिर से दुकानें बनाने का काम शुरू हो गया है। हालांकि 25 फरवरी को हुए अग्निकांड में यहां बने करीब 18 खोखे जल कर राख हो गए थे। जिसके बाद प्रशासन ने वन विभाग, लोनिवि और बिजली बोर्ड को निर्देश दिए थे कि यहां फिर से खोखे न बनने दिए जाएं और न इन्हें बिजली का कनेक्शन फिर से दिया जाए। हालांकि उक्त विभागों ने पहले तो हामी भरी कि यहां पर न तो निर्माण कार्य होने दिया जाएगा और ही बिजली के कनेक्शन फिर से दिए जाएंगे। बावजूद इसके अभी हाल ही में यहां रात के अंधेरे में निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
वहीं बजली बोर्ड ने भी तीन बिजली के नए मीटर यहां लगा दिए हैं। हाई कोर्ट ने साफ किया है कि सरकारी जमीन पर कोई भी निर्माण कार्य न होने दिया जाए न ही वहां बिजली और पानी का कनेक्शन दिया जाए। उल्लेखनीय है कि मनाली के पास सरकारी जमीन पर बने अवैध खोखो में 25 फरवरी को अचानक आग लग गई थी। जिससे सभी खोखे जल कर राख हो गए थे। जिसके बाद मनाली प्रशासन ने दावा किया था कि यहां पर फिर से अवैध निर्माण नहीं होने दिया जाएगा। इस संबंध में वन विभाग के डीएफओ नीरज चड्ढा का कहना है कि यह निर्माण पहले हुआ था, लेकिन विभाग ने उसे रोक दिया है। निर्माण कार्य किसी भी हाल में होने नहीं दिया जाएगा।