पशुपालन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के सात पदों के लिए 148 युवाओं के आवेदन रद्द हो गए हैं। अब यह युवा साक्षात्कार में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। आवेदन में पाई गई खामियों को देखते हुए विभाग इन युवाओं के आवेदन रद्द किया है। साक्षात्कार से पूर्व इन अभ्यर्थियों की सूची विभाग कार्यालय के बाहर लगा दी गई है। खामियों में कई युवा पात्रता के अनुसार उम्र के मुताबिक नहीं पाए गए हैं। जबकि अन्य पात्रता में भी कई पिछड़ गए। जिस पर विभाग ने नियमानुसार आवेदन रद्द कर इसकी जानकारी सूचना पट्ट पर लगा दी है। पात्र उम्मीदवारों का मंगलवार से साक्षात्कार लिया जाएगा। इसके लिए बाकायदा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
पशुपालन विभाग में पशुपालन परिचारक चतुर्थ श्रेणी बेलदार के सात पद भरे जाने हैं। सात पद विभिन्न श्रेणियों के आरक्षित भी रखे गए हैं। सात पदों के लिए विभाग ने आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 26 नवंबर तक रखी थी। जिला कुल्लू के आनी, निरमंड, मनाली, बंजार, मणिकर्ण, सैंज, लगवैली, खराहल आदि क्षेत्र के युवाओं ने पशुपालन विभाग में आवेदन किया, लेकिन आवेदन में प्रमाण पत्र अधूरे मिलने तथा कुछ अभ्यर्थियों की आयु कम होने के कारण 148 आवेदन को रद्द किया गया। पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. रामलाल ने कहा कि पशुपालन विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के सात पदों के लिए साक्षात्कार मंगलवार से लिए जाएंगे। पहले दिन अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने की स्थिति साक्षात्कार दूसरे दिन भी लिए जाएंगे। सात पदों के लिए कुल 650 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिसमें 148 युवाओं के आवेदन में त्रुटियां पाए जाने पर उन्हें रद्द किया गया है। साक्षात्कार के लिए युवा बताए गए दिशा निर्देश समय और दस्तावेजों के साथ पहुंचे।