वीडियो भी हो रहा वायरल, सुरक्षा कर्मियों ने किया काबू
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में एक युवक नशे की हालत में दराट लेकर पहुंच गया। अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्डों ने युवक से दराट छुड़वाया। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया। सोशल मीडिया में इसका एक वीडियो वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि युवक क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में कॉलेज चौक की तरफ वाले गेट से अंदर आया। युवक के हाथ में दराट था।
दराट देखकर सुरक्षा गार्डों ने होशियारी से काम लिया। उन्होंने युवक का वीडियो भी बनाया। जैसे ही मौका मिला तो युवक को दबोच लिया और उसके हाथ से दराट छुड़वा लिया। नशे की हालत में युवक दराट लेकर किसी को भी नुकसान पहुंचा सकता था। सुरक्षा गार्डों की हिम्मत से युवक को काबू में किया गया। इसके बाद युवक को पुलिस के हवाले किया गया। एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुल चंद्रन ने कहा कि हथियार लेकर अस्पताल परिसर में घुसने वाले के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। संवाद