जाम की समस्या से निपटने के लिए हिडिंबा मंदिर की सड़क पर पुलिस जवान किए तैनात
बीट प्रभारी को इलाके का निरीक्षण करने के आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
मनाली (कुल्लू)। पर्यटन नगरी मनाली के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल हिडिंबा मंदिर के लिए जाने वाली सड़क के किनारे वाहन खड़ा करने वालों की अब खैर नहीं। मंदिर की सड़क के किनारे वाहन खड़े करने वालों के चालान किए जाएंगे। वाहन खड़े रहने से आए दिन जाम लगने की शिकायत के बाद डीएसपी मनाली ने सख्त आदेश जारी किए हैं। इसके तहत पिछले दो दिन में लगभग 20 वाहनों के गलत पार्किंग के चालान काटे गए हैं।
हिडिंबा मंदिर को जाने वाली सड़क पर मेला मैदान से ढूंगरी गांव तक सड़क के दोनों किनारों पर बसें, टेंपो ट्रेवलर और छोटे वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे यहां अक्सर जाम की समस्या पैदा हो जाती है। मरीजों को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है, वहीं बच्चे भी समय पर स्कूल नही पहुंच पाते हैं और न ही घर। रविवार को अमर उजाला में सड़क किनारे खड़े हो रहे वाहन, रोज लग रहा जाम.... शीर्षक के साथ खबर को प्रमुखता से उठाया गया था। पुलिस ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए सख्ती के आदेश दिए हैं। यहां पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं, जबकि बीट प्रभारी को भी समय-समय पर निरीक्षण के आदेश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि ढूंगरी गांव के ग्रामीणों ने पिछले साल उपायुक्त को मांग पत्र भेजकर मेला मैदान से डीपीएस स्कूल तक की सड़क को नो-पार्किंग जोन घोषित करने की भी मांग की है, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस संबंध में डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि जवानों को सड़क किनारे गलत तरीके से वाहन खड़े करने पर चालान करने के आदेश दिए हैं।