कुल्लू। प्रदेश में कांग्रेस बड़े-बड़े वादों के साथ सत्ता में आई, लेकिन आज प्रदेश के बेरोजगार युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। यह बात एबीवीपी के पूर्व जिला संयोजक रोहित साहसी ने कही।
कहा कि वर्तमान समय में रघुपुर क्षेत्र के हजारों युवाओं की कड़ी मेहनत और प्रयासों के कारण रघुपुर और जलोड़ी पास पर्यटन की दृष्टि से विकसित हुए हैं। आज यहां देश-विदेश से लाखों पर्यटक मनमोहक वादियों का दीदार करने पहुंच रहे हैं। युवाओं की मेहनत के परिणाम से ही रघुपुरगढ़ और जलोड़ी पास विश्व पर्यटन मानचित्र पर अपनी पहचान बना रहे हैं।
सरकार क्षेत्र की भूमि और पर्यटन स्थलों को पूंजीपंतियों के हाथों सौंपने की तैयारी कर रही है। साहसी ने आरोप लगाया कि रघुपुर क्षेत्र के हजारों बेरोजगार युवाओं के हितों को दरकिनार कर किसी बाहरी निवेशक या ठेकेदार को पर्यटन स्थल सौंपने की योजना को सफल नहीं होने दिया जाएगा। कहा कि मेरा रघुपुर, मेरा रोजगार की भावना के साथ जल्द ही जन आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
रघुपुर क्षेत्र की आठ पंचायतों के युवाओं को अपने क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार का अधिकार है। रघुपुरगढ़ और जलोड़ी पास में पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही से स्थानीय दुकानदारों, टैक्सी ऑपरेटरों, छोटे कारोबारियों और ग्रामीणों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय लोगों को उनके ही क्षेत्र से दूर करने का प्रयास किया गया तो इसका विरोध सड़क से लेकर विधानसभा तक किया जाएगा। संवाद