सोने-चांदी के गहनों और नकदी पर किया हाथ साफ, पुलिस ने खंगाले सीसीटीवी
कुल्लू से लोअर ढालपुर में भी घर में घुसे एक युवक की वीडियो वायरल
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में चोरी की घटनाएं नहीं थम रही हैं। चोरी की वारदातें बढ़ने से लोग भी सहम गए हैं। जिले के बदाह और सुल्तानपुर में जलशक्ति विभाग के मीटर चोरी होने के बाद शाढ़ाबाई में एक घर में घुसकर शातिर ने सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया है।
दस हजार रुपये की नकदी भी चुरा ले गया है। पुलिस ने मामले की जांच कर आरोपी की पहचान कर ली है। उसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने शाढ़ाबाई में जगह-जगह लगे सीसीटीवी को खंगाला। इससे आरोपी का पहचान हो गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी वीरवार को दिनदिहाड़े करीब 12:00 बजे मशगां गांव में एक घर में घुसा और घर में रखे आभूषण के साथ नकदी भी ले गया। आभूषणों की कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है। जिला मुख्यालय के लोअर ढालपुर में युवक रात के समय एक घर में घुसता हुआ देखा गया है। वह सीसीटीवी में कैद हो गया है। अब युवक के घर में घुसने का वीडियो वायरल हो गया है। एएसपी संजीव चौहान ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शाढ़ाबाई में हुई चोरी के आरोपी की पहचान हो गई है। उसे जल्द पकड़ा जाएगा।