उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। दो-तीन दिनों के भीतर घाटी की मुख्य सड़कों पर एचआरटीसी की बसें दौड़ती नजर आएंगी। लाहौल-स्पीति की विधायक अनुराधा राणा ने निगम प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि घाटी की मुख्य सड़कों पर बसों का ट्रायल किया जाए। यदि सड़कें बस संचालन के अनुकूल मिलती हैं तो जल्द सेवा बहाल की जाएगी।
केलांग-उदयपुर और केलांग-दारचा मार्ग पर बस सेवा शुरू होने का लोगों को बेसब्री से इंतजार है। इससे यात्रियों को टैक्सियों में महंगा सफर करने से राहत मिलेगी। लोगों का कहना है कि घाटी की मुख्य सड़कें बस संचालन के लिए उपयुक्त है।
बस सेवा शुरू होने पर लोगों को टैक्सियों में महंगा सफर नहीं करना पड़ेगा। केलांग-उदयपुर, केलांग-दारचा के बीच बस सेवा का अब सभी को इंतजार हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक आयुष उपाध्याय ने बताया कि बुधवार को मनाली-केलांग सहित घाटी की सड़कों का निरीक्षण होगा। सड़कें ठीक पाई गईं तो बस सेवा तुरंत शुरू की जाएगी।
गौरतलब है कि इस सर्दी एचआरटीसी ने बर्फबारी के दिनों को छोड़कर केलांग-उदयपुर, केलांग-दारचा और अटल टनल रोहतांग मार्ग पर सेवाएं दी थीं। लेकिन 25 फरवरी के बाद भारी बर्फबारी के कारण बस संचालन संभव नहीं था। अब मौसम में सुधार होने पर लोगों की मांग पर दो दिनों में बस ट्रायल की तैयारी है।