बरसात में भूस्खलन से कई जगह बंद पड़ी थी सड़क
लोगों को महीनों बाद बस सेवा शुरू होने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। हिमाचल पथ परिवहन निगम की कुल्लू-कमांद रूट पर संचालित बस को पांच माह बाद निकाला गया है। साल 2025 के अगस्त में भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण कुल्लू-कमांद सड़क जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गई थी।
इस वजह से परिवहन निगम की बस कमांद में ही फंस गई थी। लोक निर्माण विभाग ने सड़क को बहाल कर दिया है और बस को कमांद से कुल्लू पहुंचाया गया है। स्थानीय क्षेत्र के ग्रामीणों को महीनों बाद दोबारा बस सेवा शुरू होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि जिला कुल्लू में साल 2025 की बरसात ने कहर बरपाया है। दो हाईवे समेत संपर्क सड़कों को भूस्खलन और बाढ़ से नुकसान पहुंचा था। इसी में कुल्लू से कमांद सड़क भी शामिल है। 25 किलोमीटर लंबे कुल्लू-कमांद रूट पर 17 अगस्त 2025 को निकली बस कमांद में ही फंस गई थी। इसके बाद इस बस को पूरे पांच माह बाद निकाला गया है। रूट पर बस फंसने से परिवहन निगम को घाटा उठाना पड़ा। स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। अधर, ग्राम पंचायत खड़ीहार के पूर्व उपप्रधान जगत राम ने कहा कि कमांद में फंसी परिवहन निगम की बस को निकाला गया है। निगम अब दोबारा इस रूट पर दोबारा बस सेवा शुरू करें ताकि ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इस संबंध में परिवहन निगम के अंतर राज्यीय बस अड्डा प्रभारी खूब राम ने कहा कि पांच माह बाद कमांद में फंसी बस को निकाला गया है। उन्होंने कहा कि सड़क की हालत अभी बस संचालन योग्य नहीं है।