सड़क तंग होने के कारण बस न पहुंचने से परेशान थे 10 गांवों के लोग
कड़ाके की ठंड में दो से तीन किमी पैदल सफर तय कर पकड़ते थे बस
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। बाह्य सराज की रघुपुर घाटी की राणाबाग-लोट-बलेहड़ सड़क से 18 महीने बाद बस लोट गांव पहुंची। पहले यह बस बलेहड़ गांव तक जा रही थी। फनौटी पंचायत के लोगों को 18 महीने से इसका लाभ नहीं मिल रहा था। क्षेत्र के करीब 10 गांवों के लोग परेशान थे। वे कड़ाके की ठंड में दो से तीन किलोमीटर पैदल सफर कर रहे थे।
अमर उजाला ने भी इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग हरकत में आया और कामगारों को भेजकर तंग सड़क को चौड़ा किया और डंगा भी लगाया। इससे आसानी से निगम की बस वीरवार दिन को लोट गांव पहुंची।
जुलाई 2023 के बाद बस पहुंचने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। अब उन्हें शैलीनाला नामक जगह से पैदल नहीं जाना पड़ेगा। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ आम लोग भी सुबह बस पड़कने के लिए पैदल आ रहे थे। शाम को भी वे पैदल ही घर जाने पर मजबूर थे।
ग्रामीण धर्म सिंह, रंजीत राठौर, अशोक कुमार और बेली राम ने कहा कि बस आने से गांव फनौटी, निचली फनौटी, बनाला, धार, लोट, गनोचा, पारला लोट, घुहाटन, ड़ोहाड और दांधार के सैकड़ों लोगों को राहत मिली है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और एचआरटीसी का आभार जताया है। उधर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मनीष कुमार ने कहा कि विभाग ने डंगा देकर सड़क के खराब पॉइंट को ठीक कर दिया है।
वीरवार को निगम की बस लोट पहुंची है। स्टार बस के लिए अभी एक जगह पर सड़क तंग है। सड़क किनारे से पत्थर हटाने की जरूरत है। इस बारे में लोक निर्माण विभाग के जेई को बताया है। - सूरत राम अड्डा प्रभारी आनी