कुल्लू। भुंतर तहसील के दोगाधार में मंगलवार को छह कमरों का ढाई मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। आग की घटना में करीब 20 लाख का नुकसान हुआ है। स्लेटपोश मकान से कुछ भी नहीं बचाया जा सका। दमकल विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने साथ लगते दो मकानों को आग से बचा लिया अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। दोपहर बाद आग लगने के कारण यहां पर अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे धर्मचंद पुत्र उर्वीधर के मकान में अचानक चिंगारी सुलग गई। जिस समय मकान में आग लगी उस समय बुजुर्ग दंपती के साथ उनका पोता था। पोते ने दादा-दादी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आग चारों तरफ से मकान में फैल गई। मकान में धुंआ उठता देख आसपास के लोग भी आग पर काबू पाने के लिए दौड़े लेकिन सारी कोशिशें नाकाम रहीं। ग्रामीणों ने दमकल विभाग को सूचित किया, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची। स्लेटपोश मकान होने के कारण मकान जल्द आग की चपेट में आ गया। देखते ही देखते पूरा मकान राख के ढेर में बदल गया। आग से कुछ भी नहीं बचाया जा सका।
इस घटना के बाद परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। अग्निशमन विभाग में सब फायर ऑफिसर कुल्लू ठाकर दास ने कहा कि बजौरा क्षेत्र के तहत आने वाले दोगाधार में ढाई मंजिला मकान जलकर राख हुआ है। घटना में 20 लाख का नुकसान जबकि 50 लाख की संपत्ति आग से बचाई गई है। उन्होंने कहा कि नुकसान की रिपोर्ट बनाकर भेज दी गई है। संवाद